लखनऊ के हसनगंज के पक्का पुल बंधा मार्ग पर बुधवार दोपहर हजरतगंज स्थित क्राइस्ट चर्च स्कूल के 18 बच्चों से भरी वैन ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में दो बच्चे वैन की अगली सीट में फंस गए।
गेट तोड़कर उन्हें निकाला गया। पांच बच्चों को काफी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद स्कूल वैन चालक भाग निकला। पुलिस ने जीप से बच्चों को ट्रॉमा सेंटर भेजवाया। वहीं, दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक के दोनों पैर टूट गए।
पुलिस के मुताबिक, स्कूल वैन चालक परविंदर दोपहर 12 बजे क्राइस्ट चर्च स्कूल से बच्चों को लेकर पक्का पुल बंधे मार्ग पर पहुंचा था। तभी सामने से ई-रिक्शा आ गया और तेज रफ्तार वैन से टक्कर हो गई। हादसे से सहमे बच्चे रोने-चीखने लगे।
वैन का शीशा टूट गया और अयान, लक्ष्य, मानसी, दक्ष, सारा सहित कई बच्चे जख्मी हो गए। हादसे में ई-रिक्शा चालक जितेंद्र मिश्रा के दोनों पैर टूट गए। इस बीच गुजर रहे पीआरवी 2768 के सिपाही पुष्पेंद्र कुमार व एचसीपी ननकू राम, होमगार्ड कमलेश तत्काल राहत में जुट गए। वैन का गेट तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। अगली सीट पर फंसे दो बच्चों को निकालने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।