लखनऊ। दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों का ऑपरेशन स्वास्थ्य विभाग कराएगा। इसमें करीब चार से पांच लाख रुपये की राशि का भुगतान निजी संस्था करेगी। अटल स्वास्थ्य मेले में ऐसे बच्चों को पंजीकृत करके उन्हें ऑपरेशन के लिए हैदराबाद के नामी अस्पताल भेजा जाएगा। यहां दवाओं के साथ ऑपरेशन मुफ्त होगा। मेले में यह सुविधा पहली बार मिलेगी। साथ ही कुपोषित बच्चों को न्यूट्रीशियन दिया जाएगा।
विज्ञापन
अटल स्वास्थ्य मेला 24 व 25 दिसंबर को दिलकुशा लॉन में लगेगा। इस मेले में दिल की बीमारी से जूझ रहे बच्चों को निशुल्क इलाज मिलेगा। इसके लिए उन्हें पंजीयन कराना होगा। अफसरों ने बताया कि आठ से 10 बच्चों के ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। मेले में 70 की उम्र पार कर चुके लोगों के मौके पर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। मेले में करीब 87 काउंटर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
इसमें पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे समेत अन्य जांच की सुविधा होगी। मेले में बड़े निजी अस्पतालों के भी काउंटर लगेंगे। दिव्यांगजन को व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल भी दी जाएगी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, मेले में इस दफा कई अन्य सुविधाएं बढ़ी हैं।