वजीरगंज में युवक से बैग लूटते बदमाश।स्रोत ः वीडियोग्रैब
लखनऊ। वजीरगंज के सुभाष मार्ग तिराहे के पास शनिवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने आढ़त व्यापारी नरेश साहू के मुनीम मनीष तिवारी से नोटों से भरा बैग लूट लिया। मनीष पैदल ही बैग लेकर जा रहे थे। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये थे। लूट की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एडीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
आढ़त व्यापारी नरेश साहू सुभाष मार्ग पर किराने का थोक व्यापार करते हैं। उनके मुताबिक शनिवार शाम को मुनीम सीतापुर के सिधौली निवासी मनीष दुकानदारों से पेमेंट लेने रकाबगंज गए थे। पेमेंट लेने के बाद वह सुभाष मार्ग पर दूसरे दुकानदार से भुगतान लेने जा रहे थे। सुभाष पार्क तिराहे के पास पीछे से आए बाइकसवार दो बदमाशों ने उनका बैग लूट लिया। मनीष शोर मचाकर बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन बाइक सवार भाग निकले। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। दोनों बदमाश सिटी स्टेशन की ओर भागते दिखे हैं।
बाइक नंबर से बदमाशों की पहचान की कोशिश
मनीष के शोर मचाने पर वहां गुजर रहे व्यापारी प्रशांत गर्ग ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उधर, लूट की खबर पाकर बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हो गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के बाइक का नंबर पता कर रही है। फुटेज में एक बदमाश हेलमेट लगाए दिखा है। दूसरे बदमाश ने हेलमेट नहीं पहना था।
रेकी के बाद अंजाम की वारदात
बदमाशों ने घटना को अंजाम देने के लिए रेकी की थी। बदमाशों को पता था कि मनीष अक्सर पैदल ही दुकानदारों से वसूली करते हैं। दोनों बदमाश तिराहे पर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वह तिराहे पर पहुंचे, बदमाशों ने बाइक स्टार्ट की और पीछे से आकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। व्यापारियों ने घटना के खुलासे की मांग की है।