तुलसीपुर (श्रावस्ती)। तराई में उल्टी-दस्त जानलेवा बन गया है। विगत चार दिनों में जमुनहा के ददौरा में दो भाइयों की मौत हो चुकी है इसमें से एक भाई ने बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया जबकि छोटा भाई भी पीड़ित है। जिला अस्पताल में छह नए मरीजों को भर्ती कराया गया जिनका इलाज चल रहा है।
जमुनहा क्षेत्र के ग्राम ददौरा निवासी सतीश कुमार विश्वकर्मा के तीन बेटे थे। इसमें से बड़े बेटे अंकुश (7) को सोमवार उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी जिसकी बहराइच ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं दूसरे बेटे अभय (5) को मंगलवार उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया गया।
हालत में सुधार न होने पर उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां बृहस्पतिवार सुबह अभय की मौत हो गई। वहीं सबसे छोटे बेटे मंजेश (3) को भी उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद जिला अस्पताल बहराइच भर्ती कराया गया था। जहां उसकी हालत में सुधार के बाद घर लाया गया है। दो बच्चों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में नगर के ही मोहल्ला कोट रियासत निवासी ममता सिंह (55), खलवा बाजार निवासी श्यामू (25), रमवापुर निवासी मोहिनी (60), किढिहावन पुरवा निवासी ज्ञानवती (65), रजगढ़वा निवासी मीरा देवी (32) व सिरसिया के टिटिहिरिया निवासी अनीता देवी (20) को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। वही इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी सिंह का कहना है कि प्रभावित गांव में चिकित्सकों की टीम भेज कर जांच कराई जाएगी। (संवाद)