ठाकुरगंज के बालागंज से लापता एक साल के सुखदेव को पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढ निकाला। एसीपी चौक आईपी सिंह ने बताया कि बच्चा घर से कुछ दूर पर एक झोपड़ी में मिला है। उसे परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसीपी ने बताया कि बच्चा बालागंज में चरक अस्पताल के पास एसबीआई के एटीएम के नीचे रहने वाले नन्हकू का है। नन्हकू इधर-उधर से मांगकर गुजारा करता है। उसकी पत्नी देख नहीं सकती। शुक्रवार रात डेढ़ बजे से शनिवार सुबह पांच बजे के बीच किसी ने उसका एक साल का बच्चा गायब कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। एटीएम के कैमरे की फुटेज में अंधेरे में एक व्यक्ति बच्चे को लेकर जाता दिख रहा है।
पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज निकलवाकर पड़ताल शुरू की। इस बीच लोगों ने कुछ दूर पर स्थित झोपड़ी में बच्चे के बारे में जानकारी दी। पुलिस झोपड़ी में पहुंची तो बच्चा मिल गया। नन्हकू ने उसकी पहचान की। झोपड़ी में रहने वाले अधेड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई लेकिन उसने बच्चे के बारे में किसी भी तरह की जानकारी से इनकार कर दिया। बच्चा कौन और क्यों ले गया था? इस बारे में जानकारी की जा रही है।