मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी व एडीजी भर्ती बोर्ड रेणुका मिश्रा ने सभी जोन में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे मिशन शक्ति के कार्य बेहतर तरीके से संपादित किए जा सकेंगे। वह रविवार को पुलिस आयुक्त के कैंप कार्यालय में मिशन शक्ति के कार्यों की समीक्षा कर रही थीं।
उन्होंने फेसबुक, ट्विटर और सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों से मिशन शक्ति के हेल्पलाइन नंबर 9454400290 के विस्तृत प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति को लेकर थानों को भी संवेदनशील बनाने की अपेक्षा जताई। रेणुका मिश्रा ने पॉक्सो एक्ट व महिला संबंधी अपराधों को त्वरित गति से निर्धारित समयावधि के भीतर निस्तारित करने के लिए कहा तो पिंक बूथ और महिला हेल्प डेस्क को अधिक सक्रिय करने व अधिकारियों को इसका नियमित पर्यवेक्षण करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस अधिकारियों के साथ पुरुष अधिकारी भी मिशन शक्ति के उद्देश्यों को प्राप्त करने में अपना सक्रिय योगदान दें। इस दौरान पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर के साथ मिशन शक्ति से जुड़े सभी पुलिस अधिकारी मौजूद थे।