प्रदेश में चल रहे आईएएस वीक के दूसरे दिन शुक्रवार की कल्चरल नाईट कपल डांस के अलावा आईएस अधिकारियों की पत्नियों द्वारा तैयार की गई नाटिका के नाम रही। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अधिकारियों ने अपनी पत्नी संग जहां नए पुराने गानों के मेडले पर नान स्टाप धमाल मचाया वहीं नाटिका ‘अथ श्री आईएएस दंपति कथा’ की चुलबुली पटकथा ने सबको गुदगुदाया।
आईएएस वीक के मौके पर शुक्रवार को दिन भर चली मैराथन बैठक के बाद शाम सीएसआई लान में प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की यादगार परफार्मेंस दी।
आईएएस अफसर के परिवारों में रोजमर्रा के छोटे-छोटे घरेलू किस्सों और दांपत्य की नोकझोंक पर आधारित लघु नाटिका ‘अथ श्री आईएएस दंपति कथा ’ ने लोगों को खूब गुदगुदाया। मंचन में अभिनय करने अफसरों की पत्नियों, महिला आईएएस अधिकारियों ने ही अभिनय किया।
प्रीति चौधरी के निर्देशन, सकल्पना लेखन में लघु नाटिका में चितवन वर्मा, वंदना सहगल, नीलू गोयल, गीताली त्रिवेदी, अर्चना कुमार, प्रीति राजशेखर, श्रद्धा गोयल, श्वेता प्रसाद, निशा सिंह दल केसाथ उतरीं। मंच सज्जा श्वेता प्रसाद की रही तो वेशभूषा संगीत और प्रकाश की व्यवस्था वंदना सहगल ने संभाल मंचन यादगार बना दिया।
पहली कहानी में दिखा कि भारतीय इंडिपेंडेंट पार्टी की सरकार के आने केबाद प्रदेश काफी कुछ बदलाव केदौर से गुजर रहा है। तो अफसरों की मेमसाहब ने भी घर में फरमान सुना दिया कि अब जेब में आरेंज कलर के रुमाल रखे जाएं और जो ब्लू-रेड रुमाल हों उन्हें हटा दिया जाए।
दूसरे हिस्से में देर रात और अक्सर रात से तड़के तक चलने वाली सरकारी बैठकों को लेकर अफसर-पति और घर पर इंतजार करती पत्नी केबीच बतकही मंच पर उतरी। जिसमें एक दृश्य खासा सराहा गया, जब देर रात 11 बजे बैठक से लौटे अफसर का घर पर इंतजार कर रही भूखी प्यासी बीवी से तकरार होती है तो वो ये कहकर जान बचाता है कि मेरी मीटिंग तो शाम 5 बजे वाली थी जो 11 बजे खत्म हो गई।
जिनकी मीटिंग रात नौ बजे से है उनके तो रात केदो बजेंगे। नाटिका में जब पति-पत्नी दोनों आईएएस हों तो घर में किस तरह से आपसी नोकझोंक होती है इसे भी मंच पर बखूबी उतारा गया। नाटिका के मंचन केदौरान तमाम अफसर और उनकेपरिजन ठहाके लगाते दिखे।
आजा आजा मैं हूं मेरा प्यार तेरा..
अधिकारियों ने पत्नी संग मंच पर नए-पुराने गानों के तरानों से सजे नान स्टॉप मेडले में कमर मटकाई। शम्मी कपूर हिट गानों के अलावा हालिया रिलीज मूवी के राकिंग आइटम सांग्स पर अफसर डांस करते दिखे तो उनके साथी तस्वीरें क्लिक करने में बिजी रहे।
एक के बाद एक बजते नए पुराने गानों पर अधिकारियों ने अपनी पत्नी संग मंच की रौनक बढ़ाई। मुख्य सचिव डा. अनूप चंद्र पांडे, राजस्व परिषद के अध्यक्ष प्रवीर कुमार, अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी, आलोक कुमार, रमारमण समेत कई अधिकारी एक-एक कर मंच पर उतरे। युवा अधिकारियों के डांस पर कुर्सियों पर बैठे साथियों ने हौंसला बढ़ाया तो सीनियर अफसर डांस के बाद उन्हें बधाई देने मंच के करीब जा डटे।