मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्ष सार्थक बहस से भाग रहा है। हम सभी के विकास के लिए काम कर रहे हैं जबकि पहले सपा-बसपा की सरकारें कुछ लोगों के लिए और कुछ जिलों के लिए ही काम करती थीं। पहले सिर्फ पांच जिलों में ही बिजली आती थी लेकिन हमारी सरकार आने के बाद अब प्रदेश के सभी जिलों को बिजली मिल रही हैं। हम गरीबों के लिए घर बना रहे हैं। शौचालय बना रहे हैं। उनके जीवन स्तर में सुधार आए इस दिशा में काम कर रहे हैं और विपक्ष हर बार इसमें रोड़ा अटका रहा है।
हमने इस वर्ष प्रदेश के 56 लाख छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की घोषणा की है जिसमें 26 लाख विद्यार्थी अन्य पिछड़ा वर्ग के हैं। पहले जब सपा की सरकार आती थी तो दलितों की छात्रवृत्ति रोक दी जाती थी। बसपा की सरकार आती थी तो पिछड़ों की छात्रवृत्ति रोक दी जाती थी। हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम करते हैं।