मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि किसी भी उद्योग के संचालन से यदि संक्रमण फैलने की जरा भी संभावना हो तो उसे संचालन की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि एमएसएई के संचालन को बढ़ावा दिया जाए।
इनके माध्यम से इंफेक्शन बढ़ने की संभावना नहीं है। इस सेक्टर के उद्योगों के कच्चे माल की आपूर्ति के लिए सप्लाई चेन बनाई जाए। उन्होंने प्रमुख सचिव एमएसएमई को पीपीई किट्स की आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
शनिवार को अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में लॉकडाउन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की टेस्टिंग कराई जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि क्वारंटीन सेंटर व शेल्टर होम में हर हाल में सोशल डिस्टेंसिंग अपनाई जाए।
क्वारंटीन अवधि पूरी करने के बाद होम क्वारंटीन के लिए घर जाने वाले श्रमिकों को राशन की किट व एक हजार रुपये भरण-पोषण भत्ता दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला स्तर पर किए जा रहे कामों की प्रगति की निरंतर जानकारी लेते रहें। जिला स्तर पर अलग-अलग कार्यों के लिए अधिकारी नामित किये जाएं ताकि उनकी जवाबदेही भी तय की जा सके।