फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीओ को धमकी देने के मामले में सीएम योगी ने स्वाति सिंह को लगाई फटकार, डीजीपी ने मांगी रिपोर्ट

Sat, 16 Nov 2019 02:11 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
सीएम योगी और मंत्री स्वाति सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राजधानी में सीओ कैंट बीनू सिंह को धमकी देने के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला कल्याण राज्यमंत्री स्वाति सिंह को कड़ी फटकार लगाई है। अंसल ग्रुप के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद फोन पर सीओ को धमकाने का मामला प्रकाश में आने के बाद शनिवार सुबह सीएम योगी ने स्वाति सिंह को अपने सरकारी आवास पर तलब कर सख्त नाराजगी जाहिर की। 
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने डीजीपी ओम प्रकाश सिंह से पूरे मामले पर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट तलब की है। राज्यमंत्री स्वाति सिंह द्वारा सीओ को धमकाने के  मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को लेकर समूचा विपक्ष सरकार पर हमलावर है। सीएम योगी ने सीओ को धमकाने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुबह ही स्वाति सिंह को तलब कर लिया।

भरोसमंद सूत्रों के अनुसार स्वाति सिंह लगभग आधे घंटे मुख्यमंत्री आवास पर रहीं। उन्होंने अपनी सफाई भी पेश की लेकिन मुख्यमंत्री संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने स्वाति सिंह के व्यवहार पर नाराजगी जाहित करते हुए जमकर फटकार लगाई। यही नहीं योगी ने डीजीपी से पूरे मामले पर रिपोर्ट भी तलब कर ली है। डीजीपी ने लखनऊ के एसएसपी से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है।
विज्ञापन


आवास पर समर्थकों ने की मीडिया से बदसलूकी
सीओ कैंट को धमकाने के मामले के तूल पकड़ने के बाद उनका पक्ष जानने के लिए आवास पर मीडिया का जमावड़ा लग गया। अपने आवास पर मीडिया को देख स्वाति का पारा चढ़ गया। सवालों से बचने के लिए घर के अंदर चली गईं। इस दौरान वहां मौजूद स्वाति सिंह के समर्थकों और स्टाफ  ने मीडिया से बदसलूकी की। मीडियाकर्मियों को धक्का-मुक्की करके आवास से बाहर कर दिया गया। फिलहाल स्वाति सिंह ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।
 
 
विज्ञापन

डीजीपी ने एसएसपी से मांगी रिपोर्ट

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने इस मामले में लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे एसएसपी से जानकारी लेकर रिपोर्ट देने को कहा है। उन्होंने एसएसपी से रिपोर्र्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसे सीएम को सौंपा जाएगा।

पता लगा रहे हैं कि आडियो कैसे लीक हुआ
सवालों के जवाब में डीजीपी ने कहा कि देखा जा रहा है कि इसकी पृष्ठभूमि क्या है? आडियो कैसे लीक हुआ। रिपोर्ट आने के बाद उसका अध्ययन किया जाएगा फिर देखेंगे कौन सी कार्यवाही की जा सकती है। उन्होंने माना कि इस मामले में एक एफआईआर दर्ज हुई है लेकिन और ज्यादा जानकारी होने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और उसी लिहाज से कदम उठाया जाएगा।

क्या है मामला
शुक्रवार को एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें स्वाति सिंह अंसल ग्रुप के खिलाफ  एफआईआर दर्ज किए जाने के मामले में सीओ कैंट को फोन पर कथित तौर पर धमकी देते सुनाई दे रही हैं। इस ऑडियो में स्वाति सिंह सीधे तौर पर सीओ को एफआईआर खत्म करने की हिदायत देती हुई सुनाई दे रही हैं। वायरल ऑडियो में स्वाति सिंह सीओ पर बिल्डर के खिलाफ  एफआईआर दर्ज होने की वजह से गुस्से में थीं। ऑडियो में वह मामले की बात आगे तक नहीं जाने और बिल्डर के खिलाफ  कोई कार्रवाई नहीं करने का दबाब बना रही हैं। इतना ही नहीं वह यह कहते भी सुनाई दे रही हैं कि ऐसा ऊपर से आदेश है कि कोई एफआईआर अभी नहीं लिखा जाएगा।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें