फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला कृषिका: मुख्यमंत्री योगी बोले- किसान किसी के सामने हाथ न फैलाएं, यही सरकार का लक्ष्य

Tue, 10 Dec 2024 07:43 AM IST
ishwar ashish अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमर उजाला की पहल ''कृषिका- खेती से समृद्धि की ओर'' में शामिल हुए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 किसानों को प्रशस्ति पत्र व एक-एक लाख रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया।
विज्ञापन
अमर उजाला के कार्यक्रम कृषिका में सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य है कि अन्नदाता किसानों को किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े। इसी लक्ष्य के तहत देश में 12 करोड़ और यूपी में 2.62 करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। किसानों को कर्ज के बोझ से मुक्त करने के लिए वर्ष 2017 में यूपी में सरकार आते ही 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया। पीएम मोदी के नेतृत्व में किसानों को लागत का डेढ़ गुना दाम मिला।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री सोमवार को अमर उजाला द्वारा आयोजित ‘कृषिका-खेती से समृद्धि की ओर’ कार्यक्रम में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किसानों और कृषि में नवाचार करने वाले युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 11 प्रगतिशील किसानों को एक-एक लाख रुपये का चेक, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। 11 किसानों को ये सम्मान धनराशि कपिला कृषि उद्योग लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ शिवहरे के सहयोग से दी गई।

इस अवसर पर पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. आनंद कुमार, राज्य कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, सीएम के मीडिया सलाहकार मृत्युजंय कुमार व रहीस सिंह, सूचना निदेशक शिशिर और कपिला कृषि उद्योग लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ शिवहरे आदि मौजूद थे।

विज्ञापन

अकेले यूपी पूरे भारत का पेट भरने में सक्षम

मुख्यमंत्री योगी ने कृषिका में लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया। - फोटो : amar ujala
सीएम योगी ने खेती और किसानों की बेहतरी के लिए सरकार द्वारा जारी दर्जनों योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज भी 70 फीसदी भूभाग ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर आधारित है। देश की 17 फीसदी आबादी यूपी में रहती है। यूपी के पास देश की कृषि योग्य भूमि केवल 11 फीसदी है लेकिन इस पर देश का 20 फीसदी से अधिक अन्न का उत्पादन होता है। यूपी में 235 लाख हेक्टेयर जमीन में 161 लाख हेक्टेयर जमीन पर खेती-किसानी होती है। इसमें से 86 फीसदी भूमि सिंचित व अत्यंत उपजाऊ है। देश और दुनिया की जितनी उपजाऊ जमीन व जल संसाधन यूपी के पास है, वह किसी के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीक से जोड़ लें, समय पर अच्छे बीज मिल जाएं तो 60 फीसदी से ज्यादा खाद्यान्न उत्पादन यूपी के किसान कर सकते हैं। यूपी अकेले यूपी देश का पेट भर सकता है।

देश में सबसे ज्यादा गोवंश पालने वाला राज्य है यूपी
सीएम योगी ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा गोवंश पालने वाला राज्य यूपी है। यहां सरकारी गोशालाओं में 12 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश हैं। उनके लिए तीन तरह की योजनाएं चला रही है। इसका उद्देश्य एक तरफ गोरक्षा तो दूसरी तरफ जहरमुक्त खेती का प्रयास है। यूपी में 1.15 लाख हेक्टेयर से अधिक जमीन में प्राकृतिक खेती हो रही है। गंगा नदी के तटवर्ती 27 जिलों और बुंदेलखंड के सातों जनपदों में इसे प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके विशेषज्ञ गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता का संकल्प ही प्राकृतिक खेती के बारे में लोगों को जागरूक करना है। प्राकृतिक पद्धति से खेती में प्रति एकड़ 12 से 15 हजार की बचत होती है। यदि 161 लाख हेक्टेयर को प्राकृतिक खेती में बदल देंगे तो लाखों करोड़ रुपये बचेंगे।

योगी ने यूपी के किसानों की सफल गाथा बताई

कृषिका में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
सीएम ने यूपी के किसानों की सफलता की कहानी बताई कि बिजनौर का एक किसान 10 एकड़ खेती में एक करोड़ रुपये सालाना शुद्ध मुनाफा कमाता है। यूपी के किसानों ने एक एकड़ में 86 टन गन्ना उत्पादन का कमाल कर दिखाया। एक किसान पिपरमेंट की खेती भी करते हैं और किसानों से एकत्र कर 200 करोड़ का निर्यात भी कर रहे हैं। एक किलो आम का दाम रूस, यूएस, यूरोप में एक हजार रुपये है।

अब एक सप्ताह के भीतर गन्ना किसानों को होता है भुगतान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अंदर सिंचाई के दायरे को बढ़ाया गया है। यूपी में 3500 से अधिक एफपीओ कार्य कर रहे हैं। वेयरहाउस बनाए गए हैं। पहले गन्ने के सीजन में किसान आंदोलन करता था। अब यूपी में 120 चीनी मिलें चल रही हैं। इसमें से 100 मिलें एक सप्ताह के अंदर भुगतान कर रही हैं। यूपी गन्ना, चीनी व एथेनॉल उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। देश का 25 फीसदी आलू उत्पादन और 30 फीसदी मक्का उत्पादन यूपी का किसान कर रहा है। धान, गेहूं, दलहन-तिलहन में भी किसानों ने कीर्तिमान स्थापित किया है। अन्नदाता किसानों की मेहनत व डबल इंजन सरकार के प्रयास से यूपी फिर से खाद्यान्न की टोकरी के रूप में गौरव प्राप्त कर रहा है।

अमर उजाला की पहल को दिया धन्यवाद

किसानों को धनराशि देकर किया सम्मानित। - फोटो : amar ujala
सीएम ने कृषि पर इस रचनात्मक पहल को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अमर उजाला को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि खेती किसानी के महत्वपूर्ण मुद्दे को ‘कृषिका’ के रूप में आगे बढ़ाने का अभिनव प्रयोग अमर उजाला ने किया है। कृषिका शब्द पर कहा कि हम इस धरती को माता कहते हैं। इस धरती माता से ही पूरी सृष्टि के लिए जो कुछ भी प्राप्त होता है, वह हमारी कृषि और फसलों से मिलता है। इसलिए स्वभाविक रूप से कृषिका अत्यंत सुंदर नामकरण है।

किसानों के नाम पर राजनीति बहुतों ने की लेकिन किसानों का हित पीएम मोदी ने किया
सीएम ने कहा कि आजादी के बाद किसानों के नाम पर राजनीति तो बहुत सारे लोगों ने की। किसानों के नाम को बहुत लोगों ने भुनाया लेकिन किसान ईमानदारी के साथ भारत के राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बन सकें। ईमानदारी के साथ ये प्रयास वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। पीएम के अभियान को याद करते हुए कहा कि वह कहते हैं कि हम अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराते हैं। शरीर में विटामिन, प्रोटीन या कोई तत्व कम हो जाता है तो सप्लीमेंट्री डाइट या दवा से उसकी पूर्ति कर शरीर को स्वस्थ करते हैं। लेकिन हमारा पेट भरने वाली धरती मां के स्वास्थ्य की चिंता नहीं की गई। पीएम ने मृदा परीक्षण कार्ड की शुरुआत की। इसमें बताया गया कि किसान उसी केमिकल का इस्तेमाल करें जो मिट्टी के लिए जरूरी हो।
विज्ञापन

सीएम ने की अमर उजाला के रचनात्मक कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर उजाला अपने रचनात्मक कार्यों के लिए अनेक अभियान चलाता है। कृषि अभियान चलाया। हर वर्ष स्व. अतुल महेश्वरी छात्रवृत्ति योजना चलाई जा रही है। इसके अंतर्गत भव्य तरीके से बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को सम्मानित करने का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि हम केवल पत्रकारिता ही नहीं कर रहे हैं। दूसरों की कमियों को ही उजागर नहीं कर रहे हैं। बल्कि समाज की प्रगति में सहभागी बनकर जीवंत पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में सभी की भूमिका है। सभी लोग देश-समाज-राज्य के लिए मिलकर काम करेंगे तो विकास होगा। अमर उजाला का ये प्रयास सराहनीय है।

विदेश भेजें केमिकल फ्री फल-सब्जी, हम भी क्यों खाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेश में केमिकल फ्री फल-सब्जी निर्यात होती है। जहरमुक्त फल-सब्जी-खाद्यान्न का निर्यात करते हैं। वो लोग केमिकल फ्री खाएंगे, जहर फ्री खाएंगे तो क्या हम ही जहर वाली फल-सब्जी खाने के लिए बने हैं? हमारे पास गोमाता और धरती माता हैं। हम गोमूत्र और गोबर से फसल बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि अमर उजाला की पहल कृषिका का उद्देश्य भी यही है कि हमें किसान की आमदनी भी बढ़ानी है और किसान की आमदनी के साथ-साथ धरती माता को स्वस्थ रखना है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें