कमजोर आय वर्ग के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की एक बार फिर शुरुआत होने जा रही है। कोविड-19 महामारी के कारण बीते मार्च में इस साप्ताहिक मेले का आयोजन स्थगित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी के दूसरे रविवार से आरोग्य मेला फिर से शुरू करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 10 जनवरी से प्रदेश के सभी शहरी और ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हर रविवार सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक पहले की तरह आरोग्य मेले का आयोजन होगा। आरोग्य मेले में ड्यूटी करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को शनिवार को छुट्टी मिलेगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
मेले में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाएगा। मेलों के प्रवेश द्वार पर पल्स ऑक्सीमीटर एवं थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था सहित एक कोविड हेल्प डेस्क को सक्त्रिस्य किया जाएगा। स्क्रीनिंग के बाद ही लोगों को मेले में प्रवेश दिया जाएगा। सैनिटाइजेशन और मास्क अनिवार्य होगा। मेले में आधारभूत पैथालॉजिकल जांचों, विशेष रूप से रैपिड डायग्नोस्टिक किट आधारित जाँच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही दवाओं की उपलब्धता भी होगी। मेलों के प्रवेश द्वारा पर भीड़ को नियंत्रित करने एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जरूरत के अनुसार स्वैच्छिक संगठनों जैसे एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल आदि के स्वयंसेवकों की सहायता भी ली जाएगी।
सात मेलों में 31 लाख लोगों को मिला था फायदा
कोविड महामारी से पूर्व 2 फरवरी से 15 मार्च तक सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रत्येक रविवार को कुल 7 मेलों का आयोजन किया जा चुका था। किंतु कोविड -19 महामारी के कारण मेलों को आगे के लिए स्थगित कर दिया गया था। फरवरी एवं मार्च 2020 में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में 31.36 लाख रोगियों ने चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाया था।