यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा।
- फोटो : अमर उजाला
जनपथ स्थित सीईओ दफ्तर में सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नवदीप रिणवा ने कहा कि यूपी का जेंडर औसत 912 है जबकि मतदाता सूची का जेंडर औसत 867 (एक हजार पुरुष मतदाताओं पर 867 महिला मतदाता) हैं। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि अभी भी कई महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सभी पात्र महिलाओं के नाम जोड़े जाएंगे।
सीईओ ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में 5 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। लेकिन मतदाता उसके बाद भी ऑफलाइन और ऑनलाइन मोड पर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा और हटवा सकेंगे। इस अवसर पर एसीईओ कुमार विनीत और रत्नेश सिंह भी मौजूद थे।
सीईओ ने बताया कि प्रदेश में 1,61,209 मतदान केंद्र थे, लेकिन अब उनके संभाजन के बाद 1,62,012 मतदान केंद्र हो गए हैं। मतदान केंद्रों की संख्या 809 बढ़ी हैं। बहुमंजिला भवनों और गेटेड कॉलोनियों में 217 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
1122 ओवरसीज मतदाता
सीईओ ने बताया कि प्रदेश में 1122 ओवरसीज (देश से बाहर रहने वाले) मतदाता हैं। इनके अतिरिक्त भी जो ओवरसीज मतदाता नाम सूची में शामिल कराना चाहते हैं उनके नाम जोड़े जाएंगे।
एसीईओ निधि श्रीवास्तव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मैं हूं ना वोटर हेल्पलाइन एप लांच किया है। एप के जरिये मतदाता अपना नाम और मतदान केंद्र की जानकारी पता कर सकते हैं। आयोग की ओर से मैं हूं ना अभियान भी चलाया जा रहा है।