लखनऊ। शहीद पथ पर उतरेटिया के पास शनिवार तड़के चार बजे केमिकल लदा ट्रक खड़े डंपर में पीछे से घुस गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और नगर निगम की टीम ने उसे केबिन से निकालकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर सुनील सिंह के मुताबिक, डंपर का डीजल खत्म होने पर चालक उसमें डीजल भरवा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक पीछे से टकरा गया। घायल चालक की पहचान बाराबंकी के जैदपुर निवासी गुलाम गौस के रूप में हुई। वह कानपुर के रनिया से केमिकल लेकर कुर्सी जा रहा था।
ट्रक हटाने के लिए बुलाई गई क्रेन भी पलट गई जिससे डिवाइडर की ग्रिल टूट गई। दूसरी क्रेन की मदद से सुबह करीब 11 बजे दोनों वाहनों को हटाया गया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर चला गया था। इस दौरान जाम और डायवर्जन से राहगीर परेशान रहे।