बहराइच। विकास खंड शिवपुर के ग्राम मलिकपुर की महिला ग्राम प्रधान ने कोटेदार पर अनाज उठान में प्रधान का फर्जी हस्ताक्षर मोहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। मामले में प्रधान ने डीएम को पत्र सौंपकर कोटेदार के खिलाफ जांच कराकर कोटा निलंबन किये जाने की मांग की है।
डीएम को सौंपे गए पत्र में ग्राम प्रधान फूलमती ने कहा है कि क्षेत्र में उचित दर विक्रेता की दुकान महिला कोटेदार मायावती के नाम से है। प्रधान का कहना है कि कोटेदार द्वारा उपभोक्ताओं को अनाज वितरण में काफी अनियमिता का खेल किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को समय से खाद्यान्न का वितरण नही किया जाता है। वितरण के दौरान घटतौली कर मानक से अधिक रुपये की वसूली की जा रही है।
फूलमती ने कोटेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि कोटेदार ने उनका फर्जी कर मोहर बनाकर खाद्यान्न का उठान करतीं हैं। जिसकों कालाबाजारी के माध्यम से बेच दिया जाता है। प्रधान का कहना है कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं की शिकायत पर कोटेदार से बात करने का प्रयास किया गया, तो कोटेदार व उनके सहयोगियों द्वारा अपमानित कर भगा दिया गया। कोटेदार के रवैये से ग्रामीणों में गहरा अक्रोश है। प्रधान ने डीएम से मामले में किसी सक्षम अधिकारी से जांच कराकर कोटेदार को निलंबित किये जाने की मांग की है।