लखनऊ। ठंड में लोग सफर करने से बच रहे हैं। इस कारण उड़ानों का किराया भी कम हो गया है। दिल्ली का टिकट 3,532 व मुंबई का 7,801 रुपये में मिल रहा है। एयरवॉक ट्रेवेल एजेंसी के आतिफ ने बताया कि विमानों की टिकट बुकिंग में कमी आ रही है। काम या मेडिकल इमजरेंसी के लिए ही लोग सफर कर रहे हैं। यही वजह है कि डायनेमिक फेयर के बावजूद किराये में अप्रत्याशित बढ़ोतरी नहीं हो रही है। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बंगलूरू की उड़ानें सामान्य दिनों के किराये के आसपास ही मिल रही हैं।
लखनऊ से दिल्ली की इंडिगो की सुबह 6:10 बजे की सीधी उड़ान का किराया 3532 रुपये है। रात पौने ग्यारह बजे की फ्लाइट का टिकट 3732 रुपये है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की सुबह साढ़े नौ बजे की उड़ान 5848 रुपये में है। बंगलूरू की एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान 9650 रुपये में, इंडिगो की 11542 रुपये में मिल रही है। हैदराबाद की सीधी फ्लाइट 8497 रुपये में है। आम दिनों में बंगलूरू की उड़ान दस हजार से अधिक व हैदराबाद की दस से 12 हजार रुपये में मिलती है।
6,061 में मुंबई से वापसी का टिकट
लखनऊ से मुंबई की सुबह छह बजे की सीधी उड़ान का किराया 7801 रुपये है। अकासा एयर की सीधी उड़ान का टिकट 10253 रुपये में मिल रहा है। एयर इंडिया की सीधी उड़ान 10063 रुपये में है। मुंबई से वापसी के टिकट 6061 रुपये में मिल रहे हैं।
प्रीमियम तत्काल कोटे में सीटें खाली
लखनऊ से मुंबई की नियमित ट्रेनों पुष्पक, अवध, कुशीनगर में सीटें फुल हैं। तत्काल कोटे से भी मायूसी मिल रही है। प्रीमियम तत्काल कोटे में सीटें खाली हैं। इन दिनों स्लीपर से लेकर एसी बोगियों तक में 400 से अधिक सीटें हैं। त्योहारों पर प्रीमियम तत्काल की सीटें भी फुल रहती हैं।