लखनऊ। राजधानी के मौसम में फिर से बदलाव के आसार हैं। घने कोहरे और गलन के बीच बृहस्पतिवार को बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
इससे पहले मंगलवार को सुबह की शुरुआत घने कोहरे और गलन भरी हवाओं के साथ हुई। बाद में गुनगुनी धूप ने मकर संक्रांति की रौनक बढ़ा दी। हालांकि, शाम होते ही पछुआ हवाओं के जोर से ठंड फिर हावी हो गई। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते बुधवार के बाद मौसम में फिर से बदलाव के संकेत हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी में मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है।
पछुआ हवाओं के जोर से मंगलवार को लखनऊ की हवा थोड़ी बेहतर हुई। छह वायु प्रदूषण मापक स्टेशनों में से कुकरैल की हवा हरे श्रेणी यानी अच्छी तो बीबीएयू, गोमतीनगर, अलीगंज और तालकटोरा की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी की रही। सिर्फ लालबाग की हवा नारंगी यानी खराब श्रेणी में दर्ज की गई।