चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा के दिन अव्यवस्था का हवाला देते हुए जिन सात जिलों के 13 परीक्षा केंद्रों की परीक्षा निरस्त की गई थी, उन केंद्रों के अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा अब 20 दिसंबर को लखनऊ के 16 केंद्रों पर होगी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
आयोग ने आठ नवंबर को चकबंदी लेखपाल के 2831 रिक्त पदों के लिए 71 जिलों के 3324 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा कराई थी। इस दिन आजमगढ़, कौशांबी में तीन-तीन, चंदौली, बस्ती व अमेठी में दो-दो तथा बांदा के एक परीक्षा केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी।
हालांकि इनमें कई स्थानों पर अभ्यर्थियों ने पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया था, लेकिन आयोग ने पेपर लीक होने से इन्कार करते हुए अव्यवस्था की वजह से परीक्षा निरस्त करने का फैसला किया था।
आयोग के सचिव ने बताया है कि इन 13 परीक्षा केंद्रों पर जिन पालियों की परीक्षा निरस्त की गई, उनमें 8200 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। अब इन अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 20 दिसंबर को लखनऊ के 16 परीक्षा केंद्रों पर 10 बजे से 12 बजे तक होगी। अभ्यर्थी 15 दिसंबर से आयोग की वेबसाइट http://upsssc.gov.in) से अपना प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।