लखनऊ। गोमतीनगर के विपुलखंड इलाके में 15 जुलाई को बुजुर्ग महिला राजकुमारी से सोने की चेन लूटने के दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों ने लूटी गई चेन 23700 रुपये में गोल्ड फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखी थी।
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट के अनुसार, राजकुमारी पोते मीतांश गुप्ता को डांस अकादमी छोड़कर लौट रही थीं। पानी की टंकी वाले पार्क के पास लुटेरे ने उन्हें धक्का देकर चेन छीन ली और स्कूटी सवार साथी के साथ भाग गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर फुटेज के जरिये शनिवार रात आरोपियों को सहारा ओवरब्रिज के पास पकड़ा। इनकी पहचान विपुलखंड निवासी आकाश उर्फ राजन और खुर्रमनगर निवासी अमित अवस्थी के रूप में हुई है। उनके पास से 9200 रुपये और घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है। आकाश मूलरूप से बाराबंकी के रामनगर पिपरीमहार और अमित शाहजहांपुर के पुवायां का निवासी है।