फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश की इस योजना पर आया 'टीम मोदी' का दिल, कहा- इससे बेहतर कुछ नहीं

Sat, 22 Apr 2017 10:09 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
- फोटो : amar ujala
विज्ञापन
देश भर में पुलिस रिफॉर्म के लिए रिसर्च करने वाली टीम ने यूपी 100 प्रोजेक्ट को देश की सबसे बेहतरीन सेवाओं में से एक बताया है। टीम ने कहा कि आज यूपी में शहरी क्षेत्रों में 20 मिनट के अंदर और ग्रामीण क्षेत्रों में 25 मिनट के अंदर दरवाजे तक पुलिस पहुंच रही है।
विज्ञापन


इस सेवा का संचालन इतना व्यवस्थित है कि इसे पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। शुक्रवार को केंद्र की ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डवलपमेंट की महानिदेशक मीरन सी बोरवनकर के नेतृत्व में एक टीम लखनऊ पहुंची थी।

टीम ने यूपी 100 का दौरा कर इसकी कार्यप्रणाली देखी। यूपी 100 के इंचार्ज और एडीजी ट्रैफिक अनिल अग्रवाल ने वहां आ रही लाइव कॉल के जरिए टीम को पूरे सिस्टम के बारे में समझाया।
विज्ञापन


बोरवनकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि माइक्रो मिशन के लिए अनिल अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन दिया था, जो काफी प्रभावशाली था। इसके बाद लखनऊ आकर इस सेवा को देखने का निर्णय किया गया। यहां इसकी कार्यप्रणाली देखी तो यह प्रेजेंटेशन के मुकाबले कई गुना बेहतर नजर आया।

ऐसी व्यवस्‍था देश में कहीं नहीं

- फोटो : amar ujala
उन्होंने कहा, तकनीकी रूप से इतने बड़े पैमाने पर ऐसी व्यवस्थित सेवा देश में कहीं नहीं है। शहरों के साथ ही गांवों में भी यह सेवा उसी तत्परता से काम कर रही है। घरेलू झगड़ों के साथ-साथ महिला सुरक्षा के लिए भी यह सेवा अच्छी नजर आ रही है।

उन्होंने बताया कि अग्रवाल ने इस पूरी योजना की डीपीआर नेशनल पुलिस मिशन के प्रारूप में दी है। इसे एक प्रोजेक्ट का स्वरूप देने के लिए ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डवलपमेंट में विचार किया जाएगा। 14 सदस्यीय इस टीम में कई राज्यों के पुलिस अधिकारी शामिल थे।

अन्य राज्यों की पुलिस की अच्छाइयां भी गिनाईं
बोरवनकर ने कहा कि गुजरात में फोरेंसिक यूनिवर्सिटी खुली है, जो एक अच्छी पहल है। इसी तरह केरल में पुलिस ने स्थानीय आईटी प्रोफेशनल के साथ मिलकर साइबर डोम सर्विस शुरू की है, जिससे साइबर क्राइम के मामलों को हल करने में आसानी होती है।

वहीं पंजाब में हर थाने के बाहर पुलिस वेरिफिकेशन, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, शस्त्र लाइसेंस और जनता से जुड़ी उन सेवाओं की जिसमें पुलिस रिपोर्ट की आवश्यकता होती है, के लिए ‘सांझ’ नाम से अलग व्यवस्था की गई है। वहां बिना मुकदमा लिखाए घरेलू झगड़ों को सुलझाने का काम भी पुलिसकर्मी कर रहे हैं।
विज्ञापन

यूपी पुलिस में टेक्नोलॉजी का हो रहा बेहतरीन इस्तेमाल

मध्य प्रदेश के एडीजी शकील अख्तर ने कहा कि पुलिस में टेक्नोलॉजी का बेहतरीन इस्तेमाल यूपी में हो रहा है। दूसरे राज्यों को भी इसे अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शायद ही किसी को यकीन हो कि यूपी 100 इस तरह सूबे में काम कर रहा है।

यूपी में पुलिस पर बढ़ा लोगों का भरोसा
टीम ने वीमेन पावरलाइन 1090 का भी दौरा किया। बोरवनकर ने कहा कि ये दोनों सेवाएं देखकर लगता है कि यूपी में लोगों का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है। चार साल में 1090 ने लड़कियों में आत्मविश्वास पैदा करने का काम किया है।

बोरवनकर ने वीमेन पावरलाइन की ओर से स्कूलों-कॉलेजों में बनाई जा रहीं पावर एंजिल के कदम की भी तारीफ की। प्रदेश सरकार की एक मंत्री द्वारा इस योजना का स्वरूप बदलने के विचार पर उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं शायद ही कोई सरकार बंद करे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें