केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ मेट्रो की टीम में अधिकांश वही लोग हैं जोकि दिल्ली में काम करने का अनुभव रखते हैं। ऐसे में ये लोग अब दिल्ली से बेहतर मेट्रो लखनऊ में तैयार कर रहे हैं। अभी चार बोगी की 14 ट्रेन इनके पास आ गई हैं। जरूरत होने पर चार बोगी की इस ट्रेन को छह बोगी की भी किया जा सकेगा। इसकी योजना लखनऊ मेट्रो की है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि मैं ऐसे विभाग का प्रतिनिधित्व करता हूं जिनका ध्यान आर्थिक पक्ष की तरफ अधिक रहता है। मुझे खुशी है कि दोनों बड़े प्रोजेक्ट लखनऊ में समय से पूरे हो रहे हैं। इससे प्रोजेक्ट की लागत बढ़ने की संभावनाएं न्यूनतम हो जाती हैं। मेट्रो और एनएचएआई ने अपने ठेकेदारों को 48 से 72 घंटे के अंदर काम पूरे होने पर भुगतान किया। इससे काम में तेजी आती है। यह एक अच्छा संकेत प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए है।