केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री शिक्षकों संग शिक्षा नीति पर करेंगे चर्चा
लखनऊ। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक गुरुवार रात से शुक्रवार शाम तक शहर रहेंगे। इस दौरान वे केंद्रीय विद्यालय गोमती नगर और लखनऊ यूनिवर्सिटी में शिक्षकों की बैठक लेंगे। वे शिक्षा नीति पर चर्चा भी करेंगे।
शुक्रवार सुबह आठ बजे वे सिटी मॉन्टेसरी स्कूल गोमती नगर विस्तार में आयोजित होने वाले शिक्षक सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे। इसके बाद 10:45 पर वे केंद्रीय विद्यालय गोमती नगर में शिक्षकों को संबोधित करेंगे। वे यहां पर लखनऊ संभाग के15 से ज्यादा केंद्रीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ शिक्षा नीति पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वे छात्रों से भी रूबरू होंगे। शाम 3:30 बजे वे लखनऊ यूनिवर्सिटी में उर्दू-पर्शियन लैंग्वेज भवन के उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे। वे यहां पर करीब एक घंटे तक रहेंगे और शिक्षकों से वार्ता भी करेंगे। शाम करीब छह बजे वे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।