बसपा सुप्रीमो मायावती ने केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई में अफसरों के बीच मचे घमासान के लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। बुधवार को जारी किए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र का दुरुपयोग पहले भी खतरनाक साबित हुआ है और अब सीबीआई अफसरों का एक-दूसरे पर आरोप लगाना देश के लिए चिंता की बात है।
मायावती ने मामले में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से सीबीआई की वर्तमान कार्यप्रणाली के साथ-साथ इन मामलों में सेंट्रल विजिलेंस कमीशन की भूमिका पर भी कोर्ट को विचार करने का मौका मिलेगा।
मायावती ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार ने नीरव मोदी, विजय माल्या, मेहुल चौकसी व राफेल मामले की जांच तो नहीं करवाई लेकिन सरकारी मशीनरी का भाजपा विरोधियों के खिलाफ इस्तेमाल जरूर किया है। इससे सरकारी संस्थाओं के प्रति जनता का भरोसा कमजोर हुआ है।