पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि देश के हर नागरिक को अपना मकान हो। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) शुरू की गई थी। इसके तहत वर्ष 2022 तक देश में कुल 1.1 करोड़ मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि जून-2018 तक 54 लाख मकान बनाने को मंजूरी दी जा चुकी है। ऐसे में उम्मीद है कि तय समयसीमा से पहले ही वर्ष 2019 तक लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना के तहत अकेले यूपी में ही अब तक 4.12 लाख मकान बनाने का काम शुरू हो चुका है।
देश भर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 100 शहरों का चयन किया गया है। पुरी ने बताया कि इसके लिए केंद्र सरकार ने 2.8 लाख करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं और आगामी दिसंबर तक और 60 हजार करोड़ जारी कर दिए जाएंगे। स्मार्ट सिटी की योजनाओं की प्रगति के लिए देश के विभिन्न राज्यों में 11 हजार कमांड एंड कंट्रोल सेंटर खोले गए हैं और अन्य शहरों में खोलने की प्रक्रिया चल रही है.
पुरी ने कहा कि चीन और नाइजीरिया के बाद भारत में तेजी से शहरीकरण बढ़ रहा है। यहां हर साल शहरों का दायरा औसतन 700 से 900 वर्ग किमी बढ़ जाता है। इस तरह देखा जाए तो भारत में हर साल अमेरिका के शिकागो शहर के बराबर एक शहर बस रहा है।