लखनऊ। सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए शनिवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। सोमवार को बार के वैध मतदाता अध्यक्ष और महासचिव समेत 22 पद के लिए 128 प्रत्याशियों के लिए अपने मत का प्रयोग करेंगे।
सेंट्रल बार के चुनाव के लिए नियुक्त किए गए मुख्य चुनाव अधिकारी उमाशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश पर एल्डर्स कमेटी बार एसोसिएशन का चुनाव करा रही है। चुनाव में अध्यक्ष-वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष के एक-एक, उपाध्यक्ष मध्य के दो, संयुक्त सचिव के तीन, वरिष्ठ कार्यकारिणी और कनिष्ठ कार्यकारिणी के छह-छह पदों के लिए कुल 128 प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है।
सोमवार को मतदान सुबह नौ बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। सेंट्रल बार के इस चुनाव के चलते कोर्ट के सामने वाली सड़क पर आवाजाही बंद रहेगी। सड़क पर ही मतदान स्थल बनाया गया है। सुरक्षा और व्यवस्था के चलते सोमवार को जिला न्यायालय का गेट नंबर दो और तीन भी बंद रहेगा, लेकिन कोर्ट के खुले होने के कारण वादकारियों का कोर्ट के अन्य गेट से आवागमन रहेगा।