परिषद के सचिव एफआर खान के मुताबिक फिलहाल पहले चरण में एक रीजनल प्लेसमेंट सेल से उसके आसपास के 3 से 4 जिलों के राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान जोड़े जाएंगे। इस तरह प्रदेश के सभी 141 पॉलीटेक्निक संस्थान प्लेसमेंट सेल से जुड़ जाएंगे। इन सेलों के जरिये विद्यार्थियों को इंडस्ट्रियल इंटर्नशिप और शैक्षिक भ्रमण कराने की व्यवस्था की जाएगी। बाद में यही सेल औद्योगिक संस्थानों से संपर्क कर विद्यार्थियों का प्लेसमेंट भी कराएंगे। इसके अलावा प्रत्येक पॉलीटेक्निक संस्थान में एक साल में दो बार रोजगार मेले का भी आयोजन कराया जाएगा।
लखनऊ में सेंट्रल प्लेसमेंट सेल की भी स्थापना की जाएगी। जो सभी 10 रीजनल प्लेसमेंट सेल के साथ समन्वय करके विद्यार्थियों को नौकरी दिलाने के काम पर नजर रखेगी। परिषद के सचिव ने बताया कि सभी 11 सेल के संचालन की जिम्मेदारी के लिए प्रोफेशनल कंपनी का चयन किया जाएगा। शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही टेंडर के माध्यम से कंपनी का चयन किया जाएगा। यह कंपनी संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की निगरानी में काम करेगी।
लखनऊ, कानपुर, झांसी, गोरखपुर, मुरादाबाद, बरेली, इलाहाबाद, गाजियाबाद, वाराणसी व आगरा।