लखनऊ। सीमेंट कारोबारी पार्थ महाना की पत्नी निकिता महाना (28) की शनिवार देर रात कृष्णानगर स्थित घर में हुई संदिग्ध हालात में मौत के मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। केस निकिता की बहन मुस्कान की तहरीर पर पति पार्थ, ससुर राजीव, सास गीता और ननद श्रेया के खिलाफ दर्ज हुआ है। पुलिस ने पार्थ को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पार्थ को कानपुर के कद्दावर नेता का पारिवारिक रिश्तेदार बताया गया है, पर इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।
एसीपी कृष्णानगर विकास पांडेय ने बताया कि सोमवार को डॉक्टरों के पैनल ने निकिता का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। वहीं डॉक्टरों ने विसरा भी जांच के लिए सुरक्षित रखा है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन निकिता का शव लेकर चले गए। उनकी बहन की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दिल्ली के मालवीय नगर निवासी निकिता की शादी दिसंबर वर्ष 2022 में कानपुर जाजमऊ डिफेंस कॉलोनी निवासी सीमेंट कारोबारी पार्थ से हुई थी। कारोबारी का एक मकान कृष्णानगर सेक्टर-डी में भी है।
निकिता की बहन मुस्कान ने बताया कि बहनोई व उनके घरवाले निकिता को दहेज में 10 लाख की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि शनिवार को निकिता को पति लखनऊ वाले मकान लेकर आया। दोनों एक पार्टी में शामिल हुए। इसके बाद देर रात निकिता के पति ने ससुराल वालों को फोन कर सूचना दी कि निकिता ने फंदा लगा लिया है। वह उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल लेकर जा रहे हैं। खबर पाकर निकिता के मायके वाले भी दिल्ली से रविवार दोपहर लखनऊ पहुंच गए।
वे लोग जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि निकिता की मौत हो गई थी। एसीपी ने बताया कि पार्थ को गिरफ्तार कर लिया गया है।