बख्शी का तालाब। लिफ्ट देने के बहाने कार सवार बदमाशों ने किसान पथ पर शनिवार रात सीडीआरआई कर्मचारी अनुज कुमार से लूटपाट की। काकोरी इलाके में उन्हें फेंककर भाग निकले। कुछ देर बाद होश आने पर अनुज ने स्थानीय लोगों की मदद से घटना की सूचना परिजनों को दी। रविवार को पीड़ित ने सैरपुर थाने में केस दर्ज कराया।
सीतापुर के सिधौली निवासी अनुज के मुताबिक वह सीडीआरआई में एसी प्लांट में काम करते हैं। वह सीतापुर से अप डाउन करते हैं। शनिवार रात ड़्यूटी के बाद सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी कार सवार तीन से चार युवक पहुंचे और सीतापुर तक लिफ्ट देने की बात कही। आरोपियों के मकसद से अनजान वह कार में बैठ गए। किसान पथ पर चलती कार में उनसे लूटपाट करने लगे। विरोध पर असलहा तान दिया और चेन, अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया। जबरन छह हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। विरोध पर उनको बेरहमी से पीटा। इससे वह बेहोश हो गए थे।
सोशल मीडिया पर घटना वायरल होने पर दर्ज की रिपोर्ट
अनुज के परिजनों का आरोप है कि रविवार सुबह शिकायत लेकर सैरपुर थाने पहुंचे तो पुलिस कई घंटे तक टरकाती रही। सोशल मीडिया पर घटना वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और शाम को अनुज की तहरीर पर केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार कोरी ने बताया कि कार सवार बदमाशों को ट्रेस कर लिया गया है। जल्द आरोपी गिरफ्त में होंगे।