लखनऊ। ट्रेनों में सफर अब और सुरक्षित होगा। लखनऊ से दिल्ली, मुंबई व हावड़ा रूट पर दौड़ने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। पहले चरण में 175 ट्रेनों की बोगियों में कैमरे लगाए जाएंगे। पैंट्रीकार भी इनकी जद में आएगी, जिससे खान-पान की गुणवत्ता की निगरानी होगी।
ट्रेनों में खान-पान को लेकर आए दिन शिकायतें दर्ज होती हैं। बोगियों में सामान चोरी होने और यात्रियों की रेलवे स्टाफ से मारपीट भी होती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन का मैकेनिकल विभाग ट्रेनों में कैमरे लगाएगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। इन कैमरों को मंडल के कंट्रोल रूम से अधिकारी संचालित कर सकेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं वाली वंदे भारत ट्रेन में पहले से सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।