मोहनलालगंज। होटल में गार्ड की मौत के मामले में होटल संचालक की लापरवाही सामने आई है। जांच में पुलिस को होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। साथ ही गार्ड के पास मौजूद रुपये भी गायब थे।
फत्तेखेड़ा गांव निवासी राहुल यादव ने बताया कि उनका चचेरा भाई हरिश्चंद्र यादव (40) एक वर्ष से मोहनलालगंज कस्बा स्थित होटल में गार्ड की नौकरी कर रहा था। शनिवार की रात लगभग दो बजे होटल के कर्मचारी ने भाई के साले विमलेश को फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। लेकिन जब परिवार के लोग पहुंचे तो गार्ड होटल के बाहर पड़े मिले। आरोप है कि शनिवार को होटल पहुंचे गार्ड को होटल संचालक के रिश्तेदार ने दो हजार रुपये दिए थे जो कि गार्ड के पास नहीं मिले। मामले की जांच करने जब पुलिस गार्ड के परिवार के साथ होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक करने पहुंची तो बताया गया कि सीसीटीवी कैमरे काम ही नहीं कर रहे। गार्ड के परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में पकड़े गए तीन लोगों को थाने से छोड़ दिया और केस भी दर्ज नहीं किया है।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा व ह्रदय सुरक्षित किया गया है। पुलिस लापरवाही के आरोपों की जांच कर रही है।