शैलेंद्र को फिर जिले में बसपा की कमान।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने एक बार फिर शैलेंद्र कुमार गौतम पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिले की कमान सौंपी है। साथ ही संगठन में सक्रियता बढ़ाने के लिए जिला कार्यकारिणी के दो सदस्यों को बदल दिया गया है। यह निर्णय सात फरवरी को हुई प्रदेशस्तरीय बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया।
सोमवार को आशियाना कॉलोनी स्थित पार्टी के मंडल कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और मुख्य मंडल प्रभारी लखनऊ-कानपुर सूरज सिंह जाटव की मौजूदगी में हुई बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पकड़ और आगामी राजनीतिक रणनीति पर मंथन किया गया। घोषित फेरबदल के तहत कार्यकारिणी सदस्य विशाल की जगह पुत्ती लाल वर्मा और संदीप रावत की जगह शेरा रावत को जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी को पर्याप्त समय न देने के कारण यह बदलाव किया गया है और संगठन में अब सक्रिय व जिम्मेदार चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, पूर्व कोषाध्यक्ष युसूफ गाजी को मंडल टीम में शामिल करने के बाद कायम राजा को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व की तरह जिला महासचिव पद पर एडवोकेट करन सिंह पटेल, जिला सचिव पारस आंबेडकर वाल्मीकि, जिला बीवीएफ संयोजक प्यारेलाल, जिला संयोजक बामसेफ आरके वर्मन अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
-