महिलाओं की सुरक्षा और कड़ी होगी, सिटी बसों में लगेंगे खुफिया कैमरे, पैनिक बटन
राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और कड़ी होगी। इसके लिए बसों में सीसीटीवी कैमरों के साथ पैनिक बटन लगवाए जाएंगे।
साथ ही सेफ सिटी परियोजना के तहत चिह्नित 1600 ब्लैंक स्पॉट में 2255 स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी। यह जानकारी मंडलायुक्त रंजन कुमार ने दी।
वह बृहस्पतिवार को अपर पुलिस महानिदेशक महिला सम्मान प्रकोष्ठ (1090) नीरा रावत के साथ सेफ सिटी परियोजना से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे।
मंडलायुक्त ने बताया कि 74 स्थानों पर पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया जा रहा है, इसमें से 49 नगर निगम की सीमा में तथा 25 निगम की सीमा से लगे स्थान पर चिह्नित किए गए हैं।
इसमें से 15 पिंक टॉयलेट लगभग बनकर तैयार हैं। साथ ही महिला पुलिस के लिए भी सौ पिंक बूथ का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसकी निगरानी सेफ सिटी के कंट्रोल व कमांड सेंटर से होगी।
इसके अलावा सिटी बसों में पैनिक बटन, जीपीएस एवं सीसीटीवी कैमरा भी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से लगवाए जाएंगे और सेफ सिटी कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जोड़े जाएंगे। मंडलायुक्त ने कहा कि सेफ सिटी की परियोजनाओं में मेंटेनेंस का भी उचित प्राविधान किया जाए।