सीबीएसई की प्रैक्टिल परीक्षाओं में परीक्षक और छात्र वाइवा लेते समय नहीं बैठेंगे आमने-सामने।
लखनऊ। सीबीएसई की एक मार्च से शुरू हो रही प्रैक्टिकल परीक्षा में वाइवा के दौरान छात्र और परीक्षक आमने-सामने नहीं होंगे। दोनों के चेहरे एक ही दिशा में होने चाहिए। परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र को तत्काल स्कूल से जाना होगा। बोर्ड ने कोरोना को देखते हुए प्रैक्टिकल परीक्षा कराने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा कराने में गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया तो स्कूल से 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
सीबीएसई के लोकल को-ऑर्डिनेटर डॉ. जावेद आलम खान ने बताया कि परीक्षा के दौरान ऑब्जर्वर भी आएंगे जो सारी व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। गाइडलाइन के अनुसार एक बार में 25 छात्रों की परीक्षा कराई जाएगी। छात्रों को दो छोटे ग्रुप में बांटना होगा। लैब को सैनिटाइज करना होगा। छात्रों, परीक्षकों व ऑब्जर्वर का मास्क व थर्मल स्क्रीनिंग के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बोर्ड एक लिंक मुहैया कराएगा जिस पर परीक्षा के दौरान की फोटो अपलोड करनी होगी। सभी के चेहरे कैमरे की तरफ होने चाहिए, फोटो का समय व जियो टैगिंग भी होगी।