केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नौवीं से बारहवीं तक के गणित एवं विज्ञान के प्रश्नपत्र के पैटर्न में बदलाव करके छात्रों पर से बोझ कम करने की पहल की है। बोर्ड की ओर से अब गणित एवं विज्ञान के पर्चे में पूछे गए सवाल से जुड़े सूत्रों को भी उस प्रश्नपत्र में ही उल्लेख करने का फैसला किया है।
इन सूत्रों का प्रयोग परीक्षार्थी अपनी आवश्यकता अनुसार कर सकेगा। बोर्ड की इस पहल से जहां बच्चे के बौद्घिक स्तर को परखने की कोशिश की जाएगी, वहीं प्रश्नपत्र में उल्लिखित सूत्रों का सही प्रश्न में प्रयोग करने पर परीक्षार्थी को स्टेप मार्किंग के जरिए अंक दिए जाएंगे।
सीबीएसई की ओर से छात्रों की तैयारी परखने के लिए अब सवालों के साथ उसमें प्रयोग में आने वाले फार्मूले को उपलब्ध कराने का फैसला किया है। परीक्षार्थी पूछे गए सवालों के साथ फार्मूले को जोड़कर अपने सवाल यदि हल कर लेता है तो उसे पूरे अंक दिए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त यदि परीक्षार्थी फार्मूले को लिखने के बाद सवाल के कुछ स्टेप हल कर लेगा तो इसके लिए भी उसे अंक आवंटित किए जाएंगे। सूत्र की पहचान करने के साथ उसे उत्तर पुस्तिका में लिखने पर भी अंक दिए जाएंगे।