सीबीएसई की हाईस्कूल व इंटर बोर्ड दूसरे टर्म की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू हो रही है। अभी कुछ दिनों तक वैकल्पिक व वोकेशनल विषयों की परीक्षाएं होंगी।
मुख्य विषयों की परीक्षाएं दो मई से प्रारंभ हो रही हैं। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए परीक्षाएं कराने के निर्देश स्कूलों को दिए गए हैं।
पहले दिन हाईस्कूल के छात्रों के लिए पेंटिंग व कुछ क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षा होगी, जबकि इंटर के छात्रों के लिए ब्यूटी एंड वेलनेस और आंत्रप्रिन्योरशिप की परीक्षा होगी।
दो मई से सभी मुख्य विषयों की परीक्षा शुरू होगी। दो मई को हाईस्कूल के छात्रों की होम साइंस और इंटर के छात्रों की हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
परीक्षा एक ही पाली में कराई जाएगी। दोनों ही कक्षाओं की सुबह 10:30 बजे से 12:30 बजे तक होगी। इस बार बोर्ड परीक्षा नए पैटर्न पर होगी।
केवल 50 प्रतिशत सिलेबस के आधार पर ही परीक्षा कराई जाएगी। इसलिए परीक्षा के समय को तीन घंटे से घटाकर दो घंटे तक का कर दिया गया है।
सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जावेद आलम खान ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए शहर में 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। करीब 26 हजार छात्र परीक्षा देंगे।
जिनमें से हाईस्कूल के 13 हजार तो इंटर के करीब 12 हजार छात्र होंगे। उन्होंने बताया कि छात्रों व शिक्षकों को कोविड प्रोटोकॉल का नियम पालन करने का निर्देश दिया है।
छात्रों समेत सभी स्टाफ के लिए मास्क अनिवार्य है। सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जाएगा। परीक्षा कक्ष में उचित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रवेश के लिए एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र का गेट खोल दिया जाएगा। छात्रों को किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, गैजेट व इलेक्ट्रॉनिक संयत्र लाने की मनाही है।