सीबीआई की टीम मधुमिता शुक्ला हत्याकांड के आरोपी पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे और पत्नी सारा सिंह की हत्या के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी को रविवार दोपहर की फ्लाइट से लखनऊ लाई और पूछताछ की।
सीबीआई सारा की हत्या का सीन रीक्रिएट करने की तैयारी में है। अमनमणि को दिल्ली से लाने के बाद यहां हजरतगंज स्थित सीबीआई ऑफिस में घंटा भर आराम कराया।
फिर उससे सारा हत्याकांड को लेकर पूछताछ शुरू की गई। सीबीआई अफसरों ने 9 जुलाई 2015 की सुबह गोमतीनगर स्थित आवास से सारा को लेकर कार से दिल्ली के लिए रवाना होने और फीरोजाबाद में वारदात को लेकर सवाल किए।
पूछा गया कि किस समय वह आवास से निकला और किन रास्तों से दिल्ली का सफर शुरू किया था। रास्ते में जलपान व टॉल प्लॉजा पर गाड़ी रोकने के बारे में सवाल करके अनुमान लगाया कि गाड़ी किन रास्तों से होकर किस समय फीरोजाबाद पहुंची होगी।
सूत्रों के मुताबिक, क्राइम सीन रीक्रिएट करने के लिए सीबीआई की दो टीमें बनाई गई हैं। एक टीम 9 जुलाई 15 की सुबह अमनमणि के लखनऊ से रवाना होने के समय के हिसाब से सोमवार सुबह फीरोजाबाद के लिए रवाना होगी।
क्राइम सीन को रीक्रिएट करके लौटेगी। इस दौरान दूसरी टीम से संपर्क बनाए रखकर बिंदुवार जानकारी देगी। सीबीआई ऑफिस में ब्योरा तैयार करके अमनमणि को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अमनमणि को क्राइम सीन पर ले जाने पर विचार
सारा सिंह
- फोटो : demo pic
बता दें, नौ जुलाई को फीरोजाबाद में सारा की संदिग्ध हालात में मौत पर उसकी मां सीमा सिंह ने दामाद अमनमणि पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद 11 जुलाई को सीबीआई जांच की मांग की।
इससे पहले 10 जुलाई को फीरोजाबाद पुलिस ने अमनमणि को पकड़कर लखनऊ पुलिस को सौंपा। गौतमपल्ली थाने में अपहरण व रंगदारी के केस में वांछित था।
सीमा सिंह की मांग पर 25 अक्तूबर 2015 को सीबीआई ने सारा की हत्या का केस दर्ज करके पड़ताल शुरू की और 13 महीने बाद इस साल 25 नवंबर को अमनमणि को दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पर तलब करके गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद उसे फिरोजाबाद ले जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। उधर, अमनमणि को लखनऊ लाने की सूचना न देने पर सारा की मां सोमवार को सीबीआई आॅफिस में जाकर जानकारी करेंगी।
सीबीआई अफसरों ने क्राइम सीन रीक्रिएट करने के दौरान अमनमणि को मौके पर ले जाने पर विचार किया, लेकिन देर तक इस पर कोई फैसला नहीं हो सका। सूत्रों का कहना है कि अमनमणि को मौके पर ले जाने की स्थिति में फीरोजाबाद पुलिस की मदद लेने पर उच्चाधिकारियों से राय मांगी गई है।