मनरेगा घोटाले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीबीआई ने पांच और जिलों की जांच शुरू करने की औपचारिकता पूरी कर दी है।
इसके तहत बांदा, महाराजगंज, वाराणसी, प्रतापगढ़ और मथुरा में हुई अनियमितता की जांच करने के लिए प्रारंभिक सूचना (पीई) दर्ज की है।
सीबीआई जल्दी ही कुछ और जिलों में इस योजना के तहत हुई अनियमितता की पीई दर्ज करने की तैयारी में है।
सूत्रों का कहना है कि इन जिलों में जो अनियमितता हुई उसमें निचले स्तर के कर्मियों से लेकर उच्च अधिकारियों की भी संलिप्तता रही।
ऐसे में सीबीआई पहले आरोपों की तह में जाकर उनकी सत्यता को परखेगी, फिर एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की जाएगी।
विवेचना के दौरान आरोप के घेरे में आ रहे लोगों से पूछताछ और उनके बयान दर्ज करने की कार्रवाई होगी। इसके लिए सीबीआई की टीम अब इन पांचों जिलों में जाकर पड़ताल करेंगी।