यूपी से बड़ी खबर आ रही है कि राजा भैया को कुंडा के सीओ जियाउल हक की हत्या के मामले में सीबीआई ने क्लीन चिट दे दी है।
गुड्डू, रोहित सिंह, हरिओम श्रीवास्तव और गुलशन यादव को भी क्लीन चिट मिल गई है। यह केस मृत सीओ जियाउल हक की पत्नी परवीन आजाद ने दर्ज कराया था।
राजा भैया ने भी इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। राजा भैया ने एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि वह इस फैसले से बेहद खुश हैं, हालांकि उन्हें भरोसा था कि रिपोर्ट में उन्हें क्लीन चिट मिल जाएगी।
अपने कुछ अन्य सहयोगियों के मसले पर राजा भैया ने कहा कि रिपोर्ट सिर्फ दुर्भावना के चलते लिखाई गई थी। इसमें किसी का कोई हाथ नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने चाहने वालों और प्रतापगढ़ के लोगों के शुक्रगुजार हैं।
सपा से फिर उम्मीद
राजा भैया ने कहा कि उन्होंने सपा की छवि खराब न होने देने के लिए ही पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव से जुड़े रहेंगे। कुछ लोग यह भी संभावना जता रहे हैं कि लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले मंत्रिपरिषद बदलाव में राजा भैया को शामिल कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि कुंडा कांड में कुल चार मुकदमे दाखिल किए गए थे, जिनमें से एक मामले पर सीबीआई पहले ही क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर चुकी है। इस मामले में करीब दर्जन भर लोग गिरफ्तार भी किए जा चुके हैं।