शासन ने आईपीएस अजयपाल शर्मा के साथ विवादों में आई दीप्ति शर्मा के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच सीबीसीआईडी की मेरठ यूनिट को दे दी है। इस मामले में आईटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज हैं।
दीप्ति शर्मा के खिलाफ गाजियाबाद, रामपुर और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज की गई हैं। गाजियाबाद में दर्ज एक मामले में स्थानीय पुलिस न्यायालय में चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। इस मामले की फिर से विवेचना करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होगी।
गौतमबुद्घनगर के पूर्व एसएसपी वैभव कृष्ण ने पांच आईपीएस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। इस आरोप के बाद सरकार ने तत्कालीन डीजी विजिलेंस और मौजूदा डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी की अध्यक्षता में एक एसआईटी का गठन किया था।
एसआईटी ने अपने रिपोर्ट में अजय पाल शर्मा पर कथित पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच डीजीपी मुख्यालय की मौजूदा एसआईटी से कराने और दीप्ति शर्मा के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच सीबीसीआईडी से कराने की संस्तुति की गई थी।