समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और संरक्षक मुलायम सिंह यादव की फोटो व चुनाव चिह्न साइकिल के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए गौतमपल्ली थाने में तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सीओ ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निजी सचिव गजेंद्र सिंह की तरफ से शनिवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक कुछ दिन पूर्व कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की तरह समाजवादी भारत नाम से नए राजनीतिक दल के गठन की जानकारी दी थी। जांच में मामला सही पाया गया।
पता चला कि नया राजनीतिक दल बनाने वाले बांदा के तिंदवारी निवासी युद्धवीर सिंह, संजीव राजपूत और सैय्यद अमीरुद्दीन अपने दल के बैनर, पोस्टर व पर्चों में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राष्ट्रीय संरक्षक की फोटो और चुनाव चिह्न इस्तेमाल कर रहे हैं।
उनकी तरफ से जनता को पत्र लिखकर धन की उगाही की जा रही है, जिससे पार्टी की छवि खराब हो रही है। गजेंद्र सिंह ने समाजवादी भारत दल की तरफ से जारी पत्र और पोस्टर की कॉपी भी पुलिस को सौंपी है। उनका कहना है कि तीनों व्यक्तियों ने विरोधी दल के लोगों के इशारे पर यह काम किया है ,जिसकी गहराई से जांच कराई जाए।