लखनऊ। गोसाईंगंज में 14 मई को किशोरी के खुदकुशी करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर उसके प्रेमी अंसारीनगर अमेठी निवासी किशोर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। किशोरी की मां का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उनकी नाबालिग बेटी का शोषण किया और फिर दूसरी जगह शादी कर ली। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी की मां का कहना है कि आरोपी ने उनके गांव में एक बाग खरीदा था। इसकी देखरेख के दौरान वह अक्सर उनके घर के पास लगे हैंडपंप पर पानी पीने आता था। इस दौरान उसने उनकी 16 साल की बेटी को प्यार के जाल में फंसा लिया। उसे कीपैड वाला फोन भी दिया था। शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया। बेटी ने जब शादी की बात कही तो टालमटोल करने लगा। एक दिन उन्होंने बेटी को प्रेमी संग देख लिया। सवाल-जवाब करने पर बेटी बिना कुछ बताए घर से निकली और प्रेमी को फोन कर शादी करने की बात कही। आरोपी ने बताया कि डेढ़ माह पहले उसने दूसरी युवती से शादी कर ली है। यह बात सुनकर उसने जान दे दी थी।