लखनऊ। विकासनगर थाने में एक विवाहिता ने सचिवालय के लेखा विभाग में तैनात समीक्षा अधिकारी पति व ससुरालीजनों पर प्रताड़ना व गर्भपात कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक विकासनगर आनंद तिवारी के मुताबिक, पंतनगर खुर्रमनगर निवासी अक्सा अजीज की शादी 27 जून 2018 को मऊ के मलिकपुर कस्बा खास निवासी आसिम खान से हुई थी। आसिम सचिवालय में लेखा विभाग में बतौर समीक्षा अधिकारी तैनात हैं। अक्सा के मुताबिक, शादी के बाद से ससुरालजन दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि जब वह गर्भवती हुई तो पति व ससुराल वालों ने गर्भपात कराने का प्रयास किया। इसके बाद घर से निकाल दिया और जेवर तक हड़प लिए। अक्सा ने विकासनगर थाने में पति आसिम, देवर आदिल, आरिफ, ननद अजरा व अक्शा के खिलाफ केस दर्ज कराया है।