राजस्वकर्मी समेत चार पर जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का केस
लखनऊ। गोमतीनगर के विशालखंड निवासी कुलदीप वर्मा ने मोहनलालगंज थाने में राजस्व कर्मी समेत चार लोगों के खिलाफ जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने यह कार्रवाई डीसीपी दक्षिणी केशव कुमार के आदेश पर की है।
कुलदीप के मुताबिक उनकी दादी ज्ञानवती की मृत्यु पांच जनवरी 2012 में हो गई थी। दादी के नाम पर मोहनलालगंज स्थित नूरपुर बेहटा गांव में बेशकीमती जमीन थी। दादी ने मृत्यु से पहले जमीन की वसीयत उनके नाम पर कर दी थी। 18 जुलाई को दोपहर दो बजे जब कुलदीप पिता के साथ जमीन पर पहुंचे तो नूरपुर बेहटा गांव के संजय कुमार यादव व दो अज्ञात लोग मिले। संजय ने जमीन को अपनी बताते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर उनको पीट दिया। उन्होंने तहसील में जाकर छानबीन की तो पता चला कि संजय ने राजस्व कर्मी की मिलीभगत से जाली कागजात तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली है।