लखनऊ। अग्निपथ योजना के विरोध में ट्विटर पर मीम्स बनाकर अपलोड किया। मीम्स में मुख्यमंत्री योग व केंद्रीय रक्षामंत्री के बीच संवाद में अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दर्शाया गया। सोशल मीडिया पर नजर रखने वाली टीम को जानकारी होते ही सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दरोगा जितेंद्र कुमार गुप्ता की तहरीर पर ट्विटर हैंडल धारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
दरोगा जितेंद्र कुमार गुप्ता के मुताबिक, अग्निपथ योजना के विरोध में भारत बंद का ऐलान किया गया था। इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पालीगान पर तैनात सिपाही विनय पाल व राजेश कुमार के साथ ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर नजर रखने वाली टीम की तरफ जानकारी मिली की अग्निपथ योजना के विरोध में विपिन नाम के व्यक्ति ने ट्विटर हैंडल से ट्विटर पर मीम्स बनाकर डाली है। यह मीम्स युवाओं पर प्रभाव डाल सकती है।
जितेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्ट में उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी व केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बीच संवाद दर्शाया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी ट्रेनी आईपीएसी अनुकृति शर्मा के मुताबिक, इस तरह की पोस्ट युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली है। ऐसे में दरोगा जितेंद्र कुमार गुप्ता की तहरीर पर ट्विटर हैंडल विपिन ‘@Gcz5607UEFGspLv’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर क्राइम सेल की मदद से आरोपी विपिन की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।