लखनऊ। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल मिर्जापुर में तैनात रहे उपनिरीक्षक (गोपनीय) विजय कुमार सक्सेना के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा दर्ज किया गया। डीआईजी मुख्यालय के निर्देश पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ 92 महीनों के आय और व्यय की जांच कराई गई जिसमें कई खामियां मिलीं।
सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक विजयेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, मुख्यालय में तैनात निरीक्षक गिरीश उपाध्याय की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि विजय कुमार सक्सेना एक मार्च साल 2007 से 31 अक्तूबर 2014 तक मिर्जापुर के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में उपनिरीक्षक (गोपनीय) के पद पर तैनात रहे। इस दौरान उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की गई थी जिसकी जांच डीआईजी मुख्यालय द्वारा गठित टीम ने की।
सामने आया कि 92 महीनों में विजय सक्सेना की आय कुल 61 लाख रुपये थी। जो वैध स्रोतों से हुई थी। वहीं जब उनके द्वारा खर्च किए गए रुपये की जांच की गई तो इस दौरान उन्होंने 88,55,393 रुपये खर्च किए। जब जांच पूरी हुई तो पाया गया कि 27,43,992 रुपये आय से अधिक संपत्ति अर्जित की थी। वहीं इसके अलावा उनके और उनकी पत्नी अनीता सक्सेना के बैंक खाते में 8.88 लाख रुपये मिले।
प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी विजयेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, विजय सक्सेना गोमतीनगर विस्तार के वरदानखंड सेक्टर-1 में रहते हैं। उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है, और भी संपत्तियों की जानकारी मिलने की आशंका है। (संवाद)