सिविल अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एचआईवी मरीज को सामान्य रोगी के साथ हड्डी रोग विभाग में भर्ती कर दिया गया। इतना ही नहीं एचआईवी मरीज का आईवी सेट निकालकर सामान्य रोगी को लगा दिया गया। इसकी जानकारी होने पर तीमारदार ने हंगामा किया। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
संक्रमित मरीज को गलत तरीके से भर्ती करने वाले डॉक्टर से भी जवाब तलब किया गया है। उधर, डॉक्टरों ने सामान्य रोगी की एचआईवी की पहली जांच करा ली है, जिसकी रिपोर्ट अभी निगेटिव है। हालांकि, अन्य जांचों की रिपोर्ट आना बाकी है, जिससे साफ होगा कि मरीज संक्रमित है या नहीं।
हरदोई के संडीला निवासी संविदा पर सफाईकर्मी का पिता (60) एचआईवी पीड़ित है। पैर में दिक्कत होने पर करीब तीन दिन पहले उसे सिविल के हड्डी रोग विभाग में भर्ती कर लिया गया। उसके बगल वाले बेड पर उदयगंज निवासी दूसरा सामान्य रोगी था। आरोप है कि दो दिन पहले नर्स ने वार्ड ब्वॉय से उदयगंज के मरीज को आईवी सेट लगाने को कहा। इस पर उसने एचआईवी संक्रमित का आईवी सेट निकालकर उसे लगा दिया और दवा भी चढ़ा दी गई।