मोहनलालगंज के गौरा गांव स्थित सूर्या इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने हाईवे पर रविवार सुबह अंधाधुंध गति से दौड़ रही कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। दोनों वाहन कई फीट उछलकर गड्ढे में गिर गए। स्कूटी सवार बीटेक छात्र सौरभ पटेल (22) की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा उसका साथी करन व बाइक सवार शिव मोहन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। राहगीरों ने कार चालक को दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
कार्यवाह प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर ने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। सौरभ मूलरूप से जौनपुर के कुंदनापुर सिवाया गांव का रहने वाला था और यहां कृष्णानगर में एक हॉस्टल में रहता था। वह आजाद इंस्टीट्यूट से बीटेक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसकी 12 मई से सूर्या इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षाएं थीं।
रविवार सुबह वह दोस्त वाराणसी के चोलापुर रौना बेला निवासी करन के साथ उसकी स्कूटी से परीक्षा केंद्र देखने गया था। लौटते वक्त पीछे से कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। सौरभ और करन करीब आठ-दस फीट हवा में उछलकर हाईवे किनारे गड्ढे में जा गिरे। इसके बाद कार ने आगे चल रहे एक बाइक सवार को भी ठोक दिया और लहराते हुए डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे से चीख-पुकार मच गई। सौरभ को गंभीर चोटें आईं। तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके साथी करन व बाइक सवार निगोहां के पतौना निवासी 30 वर्षीय शिव मोहन यादव को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि शिव मोहन लखनऊ में एक निजी कंपनी में चालक के पद पर काम करता है और ड्यूटी पर जा रहा था। जानकारी पाकर अस्पताल पहुंचे परिवारीजन करन को उपचार के लिए निजी नर्सिंगहोम ले गए।
उधर, डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त कार को लोगों ने घेरकर भीतर बैठे गाजीपुर के संजयगांधीपुरम निवासी सूर्य प्रकाश कुशवाहा को दबोच लिया। सूचना पाकर आई पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दरोगा वीरेंद्र बहादुर ने बताया कि मृतक के साथी छात्र रोहित की तरफ से प्राथमिकी दर्ज की गई है।