लखनऊ। विकासनगर में रविवार सुबह चलती कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक ने कार से सड़क किनारे खड़ा कर अपनी और परिवार की जान बचाई। दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।
गोंडा निवासी अख्तर अनीस फारूकी, पत्नी और दो बच्चों के साथ रविवार को लखनऊ घूमने आए थे। कार मो. सलीम चला रहे थे। विकासनगर में सुबह 11 बजे रिंग रोड पर टेढ़ी पुलिया चौराहे की ओर जाते समय एक पैलेस के पास कार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। इस पर सलीम ने कार रोक दी। सलीम, अख्तर व उनके परिवार ने कार से भागकर जान बचाई। दरोगा अतुल कुमार और इंदिरानगर दमकलकर्मी पहुंचे। एफएसओ शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने आंधे घंटे में आग बुझा दी। इस दौरान यातायात बाधित नहीं हुआ।