साउथ सिटी शहीद पथ के किनारे चलती कार में लगी आग को बुझाता दमकलकर्मी।
लखनऊ। पीजीआई में बृहस्पतिवार दोपहर चलती कार में आग लग गई। किसी तरह चालक ने कार से कूदकर जान बचाई। दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।
तेलीबाग के सुभानीखेड़ निवासी प्रॉपर्टी डीलर खुर्रम आसिफ ने बताया कि बृहस्पतिवार को चालक कलीम उनके बेटे को साउथ सिटी स्थित स्कूल छोड़ने गया था। दोपहर करीब 1:30 लौटते समय साउथ सिटी के पास उसे कार के बोनट से धुआं निकलते दिखाई पड़ा। कलीम घबरा गया और कार सड़क किनारे लगाने लगा, तभी आग की लपटें उठने लगीं। किसी तरह उसने जान बचाई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की मगर वे बुझा नहीं सके।
इस बीच एफएसओ पीजीआई मामचंद्र बडगूजर एक गाड़ी और टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा लिया। प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि पेट्रोल कार है। एफएसओ ने शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है।
साउथ सिटी शहीद पथ के किनारे चलती कार में लगी आग को बुझाता दमकलकर्मी।