विद्यालय की क्षमता है 600 और एक क्लास में दाखिले हैं 1120। यह मामला है नन्हें सिंह स्मारक इंटर कॉलेजों का, जिसने 10वीं में 580 और इंटर में 1120 फॉर्म भरवाए हैं।
आवेदन करते वक्त विद्यालय की कुल धारण क्षमता 800 बताई थी ओर डीआईओएस के निरीक्षण में यह 600 पाई गई। अब सवाल उठता है कि आखिर 600 धारण क्षमता वाले स्कूल में एक ही कक्षा में 1120 पंजीकरण कैसे हो सकते हैं।
लेकिन इस गड़बड़झाले पर अधिकारी नजर मूंदे बैठे हैं और फर्जी पंजीकरण का खेल खुलेआम चल रहा है। माल स्थित नन्हें सिंह स्मारक इंटर कॉलेज ने वर्ष 2014 की बोर्ड परीक्षा में केंद्र बनाने के लिए आवेदन किया था। उस समय विद्यालय में 25 कमरे, प्रयोगशाला, पुस्तकालय के साथ ही धारण क्षमता 800 स्टूडेंट्स का दावा किया था।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा गठित जांच समिति ने मुआयना किया तो पता चला कि विद्यालय में 21 कमरे हैं। प्रयोगशाला और पुस्तकालय नहीं है। परीक्षा केंद्र के लिए न्यूनतम धारण क्षमता 600 ही थी इसलिए विद्यालय में परीक्षा केंद्र बना दिया गया।